{"vars":{"id": "127470:4976"}}

रूमा देवी सावन तीज उत्सव में महिलाओ से करेगी संवाद 

 

 RNE Bikaner.

  राजिविका की स्टेट ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध समाजिक कार्यकर्ता व राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित नारी सशक्तिकरण की प्रतीक रूमा देवी आज 27 जुलाई रविवार को  दिन के 11 बजे से 4 बजे तक जयपुर रोङ स्थित कृष्णांगन में आयोजित “सावन तीज महोत्सव ” के विशेष कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने बीकानेर आयेगी। 

आयोजक मदर्स करमा फाउंडेशन की सुमन चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं की सांस्कृतिक भागीदारी, पारंपरिक कला-संस्कृति के संरक्षण और समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित किया जा रहा है। जिसमे मुख्य अतिथि रूमा देवी, विशिष्ट अतिथि नोखा विधायक सुशीला डूडी, लक्ष्मी देवी सहित विभिन्न क्षेत्र की प्रमुख महिलाएँ भाग लेगी।

सावन उत्सव में विभिन्न पारंपरिक लोक प्रस्तुतियाँ, मेहंदी-सजावट, सावन गीत, रक्षाबंधन संबंधी प्रतियोगिताएँ, व महिला उद्यमिता प्रदर्शनी जैसी गतिविधियाँ होंगी।
रूमा देवी फाउंडेशन की प्रवक्ता कविता कुमारी ने बताया कि रूमा देवी का इस अवसर पर मुख्य उद्बोधन भी प्रस्तावित है, जिसमें वे बीकानेर की ग्रामीण व शहरी महिलाओं की आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों पर अपने विचार साझा करेंगी।

ज्ञातव्य है कि रूमा देवी अन्तरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर भी है जिनको अमेरिका की हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने बतौर अतिथि आमंत्रित किया। वहीं राष्ट्रपति सम्मान के साथ केबीसी, इंडियन आयडल जैसे टीवी शो के साथ ही अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार व सम्मान से सम्मानित हो चुकी है। रोजगार, शिक्षा व लोक कलाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। 

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला संगठनों की सदस्याएं, स्वयंसेवी संस्थाएं, व बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी।