Run for Fit Bikana : राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 को 'रन फॉर फिट बीकाणा', हजारों एक साथ दौड़ेंगे
Rudra News Express Bikaner.
राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 अगस्त को बीकानेर में 'रन फॉर फिट बीकाणा' का छठा संस्करण आयोजित होगा। हजारों खिलाड़ी, खेलप्रेमी, महिलाएं, बच्चे और आमजन वॉकथॉन में शामिल होकर 'संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर' का संदेश देंगे।
बीकानेर एक बार फिर खेल और फिटनेस के रंग में रंगने को तैयार है। एकलव्य फाउंडेशन और क्रीड़ा भारती बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला 'रन फॉर फिट बीकाणा' लगातार छठे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन अब शहर में खेल, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता का बड़ा जन-अभियान बन चुका है।
5 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया था हिस्सा :
एकलव्य फाउंडेशन के अध्यक्ष दानवीर सिंह भाटी ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित पांचवें संस्करण में करीब 5,000 खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया था। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष पहचान दिलाई थी। इस बार भी बड़ी जनभागीदारी की उम्मीद है। आयोजन का मुख्य संदेश 'संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर' रहेगा।
कलेक्टर-एसपी ने किया पोस्टर अनावरण :
कार्यक्रम के पोस्टर का अनावरण बीकानेर जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने किया। दोनों अधिकारियों ने युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने तथा नशे से दूर रखने वाले ऐसे अभियानों को महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. करणी सिंह स्टेडियम से शुरू होगी वॉकथॉन :
'रन फॉर फिट बीकाणा' की शुरुआत डॉ. करणी सिंह स्टेडियम से होगी। प्रतिभागी कीर्ति स्तंभ, नगर निगम और जूनागढ़ के आगे से होते हुए कलेक्ट्रेट सर्कल तक पहुंचेंगे। वॉकथॉन के दौरान शहरवासियों को फिटनेस, खेल, अनुशासन और नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों की ओर से विशेष खेल डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किए जाएंगे। अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि इन प्रदर्शनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को विभिन्न खेलों से परिचित कराना तथा उन्हें खेलों को करियर और जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
11 खिलाड़ियों को मिलेगा 'बीकाणा गौरव अवॉर्ड' :
कार्यक्रम में बीकानेर के 11 श्रेष्ठ खिलाड़ियों को 'बीकाणा गौरव अवॉर्ड' से सम्मानित किया जाएगा। खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए इन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक 'रन फॉर फिट बीकाणा' केवल दौड़ या वॉकथॉन नहीं है, बल्कि युवाओं को खेल, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने का अभियान है।
दानवीर सिंह भाटी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित होने वाले खेल एवं फिटनेस कार्यक्रमों में 'रन फॉर फिट बीकाणा' राजस्थान के बड़े जनभागीदारी वाले आयोजनों में शामिल है। इस वर्ष भी हजारों खिलाड़ी, महिलाएं, बालक-बालिकाएं, खेलप्रेमी और आमजन इसके जरिए 'संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर' का संकल्प लेंगे।
इस अवसर पर बीकानेर ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं बॉक्सिंग कोच राजेंद्र सिंह राठौड़, राजपाल कुलहरी, क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष भैरूरतन ओझा, क्रिकेट कोच दिलकांत माचरा, राष्ट्रीय खिलाड़ी यशवर्धन राजपुरोहित एवं पूर्णनाथ सहित अन्य मौजूद रहे।