{"vars":{"id": "127470:4976"}}

देशभर के संतों ने शोक जताया, महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिन, जूना अखाड़े में तीन दिन का शोक घोषित
 

 


Rudra News Express Bikaner-New Delhi. 

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर एवं बीकानेर के राजगुरु स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज ब्रह्मलीन हो गए। उनका 74 वर्ष की आयु में दिल्ली में अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बीकानेर सहित देशभर के संत समाज, अखाड़ों और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में उन्हें समाधि दी जाएगी। इस दौरान महानिर्वाणी अखाड़े के पंच परमेश्वर सहित विभिन्न संत-महात्मा उपस्थित रहेंगे।

स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज केवल एक आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि धर्म, दर्शन, शास्त्र और वैदिक परंपराओं के गहन विद्वान थे। बीकानेर के राजगुरु होने के साथ ही वे हरिद्वार के कनखल स्थित श्रीयंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर भी थे। उनके आकस्मिक निधन को संत समाज ने सनातन धर्म और आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।

2014 में बने थे महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर : 

महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत यमुना पुरी के अनुसार, स्वामी विशोकानंद गिरि को 24 मार्च 2014 को काशी में आचार्य महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई थी। अखाड़े के पंचों ने विधि-विधान से उनका पट्टाभिषेक किया था। वे काशी के गोविंद मठ की आचार्य परंपरा के छठे संत थे।

आचार्य महामंडलेश्वर के रूप में उन्होंने अखाड़े की परंपराओं को आगे बढ़ाने, उसके वैभव में वृद्धि करने और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी विद्वता, सादगी और धर्म के प्रति समर्पण को संत समाज विशेष रूप से याद कर रहा है।

दिल्ली में यज्ञ करा रहे थे, हृदयाघात से हुआ निधन : 

जानकारी के अनुसार स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज पिछले कुछ दिनों से नई दिल्ली में यज्ञ अनुष्ठान करवा रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और वे ब्रह्मलीन हो गए। उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न अखाड़ों के संतों और महामंडलेश्वरों ने शोक व्यक्त किया।

जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि स्वामी विशोकानंद गिरि का जाना संत समाज और अध्यात्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। धर्महित में उनका त्याग और समर्पण अद्वितीय था। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में मतांतरण रोकने और वैदिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अतुलनीय योगदान दिया।

महानिर्वाणी में 16 दिन, जूना अखाड़े में तीन दिन का शोक : 

स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज के ब्रह्मलीन होने पर महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिनों का शोक घोषित किया गया है। वहीं जूना अखाड़े में तीन दिन का शोक रखा गया है। महानिर्वाणी, जूना, अटल, बड़ा उदासीन, नया उदासीन और निर्मल अखाड़े के संतों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी, श्रीमहंत मनोज गिरि, श्रीमहंत मृत्युंजय भारती, श्रीमहंत बंसी पुरी, श्रीमहंत विनोद गिरि सहित अनेक संतों ने उनके निधन को आध्यात्मिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।

बड़ा उदासीन अखाड़े के मुखिया महंत दुर्गा दास, नया उदासीन अखाड़े के सचिव महंत जगतार मुनि और निर्मल अखाड़े के सचिव श्रीमहंत देवेंद्र सिंह शास्त्री ने भी शोक व्यक्त किया। संतों ने कहा कि स्वामी विशोकानंद गिरि ने सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए धर्म और मानवता की सेवा को अपना ध्येय बनाया।

बीकानेर के राजगुरु मठ में रविवार को समाधि : 

स्वामी विशोकानंद गिरि महाराज का बीकानेर से विशेष आध्यात्मिक और पारंपरिक संबंध रहा। वे बीकानेर के राजगुरु होने के साथ ही राजगुरु मठ की आचार्य परंपरा से जुड़े थे। रविवार को बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में उन्हें समाधि दी जाएगी। इस अवसर पर महानिर्वाणी अखाड़े के पंच परमेश्वर और देशभर से संत-महात्माओं के पहुंचने की संभावना है।