{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Saturday Bank Closed? 5-डे वर्किंग लागू होने का दावा गलत, फिलहाल दूसरे-चौथे शनिवार को ही अवकाश

 

Rudra News Express New Delhi.

क्या अब देश के सभी बैंक हर शनिवार को बंद रहेंगे? सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर वायरल हो रहे इस मैसेज ने बैंक ग्राहकों के बीच असमंजस पैदा कर दिया है। वायरल मैसेज में दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू कर दिया है। हालांकि, प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस दावे को फर्जी बताया है।

PIB के फैक्ट चेक के मुताबिक, सरकार की ओर से सभी शनिवार को बैंक बंद रखने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। वित्त मंत्रालय या भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से भी इस संबंध में किसी नए आदेश की पुष्टि नहीं की गई है।

क्या है बैंकों की छुट्टी का नियम?

फिलहाल बैंकों में शनिवार की छुट्टियों की पुरानी व्यवस्था ही लागू है। इसके तहत सभी सरकारी और निजी बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को सामान्य रूप से बैंक खुले रहते हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है।

5-डे वर्किंग की मांग को लेकर हुई थी चर्चा :

बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन कामकाज लागू करने की मांग की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, हड़ताल टाले जाने के बाद सोशल मीडिया पर सभी शनिवार को बैंक बंद रहने का दावा वायरल होने लगा।

बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी बात :

बैंक जाने से पहले छुट्टी की तारीख की पुष्टि संबंधित बैंक की आधिकारिक सूचना या RBI की छुट्टियों की सूची से कर लें। केवल सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर वायरल मैसेज के आधार पर बैंक बंद होने की धारणा न बनाएं।