{"vars":{"id": "127470:4976"}}

SC Commission chairman किशोर मकवाना बीकानेर में, पुलिस का दावा- SC अत्याचार के मामलों में 24.02% की कमी
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

पुलिस का दावा है कि बीकानेर संभाग में गंभीर अपराधों में कमी आई है। खासतौर पर SC-ST से जुड़े अत्याचार के मामले पिछले साल की तुलना में घटे हैं। वर्ष 2025 की तुलना में सितंबर 2026 तक दुष्कर्म के मामलों में 30.96 प्रतिशत, पॉक्सो के मामलों में 26.60 प्रतिशत और अनुसूचित जाति अत्याचार के मामलों में 24.02 प्रतिशत की कमी दर्ज होने का दावा किया गया है। अनुसूचित जनजाति से जुड़े मामलों में भी 36.36 प्रतिशत कमी बताई गई है।

मकवाना बोले-लापरवाही की तो कार्रवाई होगी : 

बीकानेर रेंज पुलिस के ये आंकड़े राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में प्रस्तुत किए गए। बीकानेर में हुई इस मीटिंग में मकवाना ने अधिकारियों को दुष्कर्म, पॉक्सो, हत्या, गंभीर चोट, हत्या के प्रयास और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने तथा पीड़ितों को सहायता राशि का समय पर भुगतान करने पर जोर दिया।

इन मामलों पर रखें ध्यान : 

अजा आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष मकवाना ने छात्रावासों की सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने, विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करने और अनुसूचित जाति एवं जनजाति की जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद : 

समीक्षा मीटिंग में बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के निदेशक डॉ. आर. स्टालिन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रीना सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पालनहार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।