बीकानेर टाउन हॉल में सातवें राज्य स्तरीय नाट्य समारोह का शुभारंभ
RNE Bikaner.
संकल्प नाट्य समिति बीकानेर के तत्वावधान में स्वः आनंद वी आचार्य की स्मृति में पांच दिवसीय सातवें राज्य स्तरीय नाट्य समारोह की शुरुआत आज टाउन हाल में राज्य के पूर्व गृह मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल, पश्चिम बंगाल सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री स्वपन बर्मन सपन दा, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुनदेव चारण, संवित स्वामी श्री विमर्शानंद जी महाराज, वरिष्ठ रंगकर्मी एस डी चौहान, प्रदीप भटनागर, डॉक्टर आभा शंकर के कर कमलों से हुई।
समारोह के पहले दिन अनुराग कला केंद्र की तरफ से मणि मधुकर के लिखे नाटक दुलारी बाई का प्रभावी मंचन वरिष्ठ रंगकर्मी सुधेश व्यास के निर्देशन में किया गया। केंद्रीय पात्र दुलारी बाई के लालच, उसकी धन लिप्सा तथा उससे उपजी समस्याओं को मनोरंजक लोक शैली में प्रस्तुत करता यह नाटक ग्रामीण परिवेश को भी बखूबी प्रस्तुत करने में सफल रहा। चुटीले संवाद, प्रभावी अभिनय से प्रेक्षगृह रह रह कर ठहाकों से गूंजता रहा। नाटक में प्रियंका आर्य, के के रंगा, सुनील जोशी, सुरेंद्र स्वामी, अशोक व्यास, मुकेश सेवग, विकास शर्मा, आमिर, उत्तम सिंह, वेदांगना आचार्य ने विभिन्न भूमिकाओं को जीवंत किया। संगीत राजेंद्र झूंझ का था तथा कौरस में काननाथ गोदारा, राहुल चावला, आयुष व्यास, वसुंधरा, रिया, डैनी धवल ने अपने स्वर दिये। इस अवसर पर निर्देशक तथा कलाकारों का सम्मान किया गया। संचालन संजय पुरोहित ने किया।
खिड़की का मंचन बुधवार को :-
संस्था के अध्यक्ष विद्यासागर आचार्य ने बताया की समारोह के दुसरे दिन 18 फरवरी को सांस्कृतिक मंत्रालय से लोक रंगमंच में जूनियर फेलोशिप प्राप्त विनोद पारीक के निर्देशन में नाटक खिड़की का मंचन टाउन हाल में शाम 6.30 पर किया जायेगा।