ShriDungargarh : दादा की शोकसभा में आए लोगों के लिये खाना बन रहा था, खौलती दाल में गिरा 5 वर्षीय मासूम, मौत
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के उदरासर गांव में एक हृदयविदारक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की गर्म दाल के भगोने में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार में दादा की शोकसभा के आठवें दिन आए रिश्तेदारों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को कानाराम मेघवाल का निधन हुआ था। परंपरा के अनुसार 2 अगस्त को शोकसभा के आठवें दिन घर पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार मौजूद थे और उनके लिए खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान खुले भगोने में दाल उबल रही थी।
खेलते-खेलते बिगड़ा संतुलन :
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पांच वर्षीय संकेत पुत्र बाबूलाल घर के आंगन में खेल रहा था। वह उल्टा दौड़ते हुए खेल रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से सीधे खौलती दाल से भरे भगोने में जा गिरा। मासूम की चीख सुनकर परिजन दौड़े और तुरंत उसे बाहर निकालकर श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया।
90 प्रतिशत झुलसा, पीबीएम में तोड़ा दम :
प्राथमिक उपचार के बाद करीब 90 प्रतिशत तक झुलसे संकेत को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। संकेत के पिता बाबूलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। संकेत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में 7 वर्षीय बड़ा भाई और 3 वर्षीय छोटी बहन है। दादा के निधन के बाद परिवार पहले से ही शोक में डूबा था, ऐसे में इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।