{"vars":{"id": "127470:4976"}}

उदासर के राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों ने सीखे साइबर सुरक्षा के गुर
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर,  महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव उदासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता का महत्व’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

मुख्य वक्ता राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के डॉ. विशाल गौड़ ने विद्यार्थियों को वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता एवं डिजिटल कौशल की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का ज्ञान आज शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में विद्यार्थियों के लिए डिजिटल रूप से दक्ष होने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना भी आवश्यक है।इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत गोद लिए गए गांव के प्रभारी डॉ. गौतम कुमार मेघवंशी द्वारा अतिथियों एवं विद्यार्थियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई।

विद्यार्थियों ने पूछे साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल

जिज्ञासा समाधान सत्र में विद्यार्थियों ने वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। डॉ. गौड़ ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए साइबर ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती। इस प्रकार के फर्जी वीडियो कॉल या धमकी भरे कॉल से डरने के बजाय इसकी सूचना संबंधित परिजनों एवं अधिकारियों को देने की सलाह दी गई।

उन्होंने साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी (OTP) किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने की जानकारी दी। सोशल मीडिया पर साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन पीछा किए जाने अथवा किसी प्रकार से परेशान किए जाने की स्थिति में तत्काल माता-पिता या शिक्षकों को जानकारी देने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बजरंग लाल भादू ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम में प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता आज प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन गोदित ग्राम की सह प्रभारी डॉ. संतोष कंवर शेखावत ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, विषय विशेषज्ञ एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर साक्षरता के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर अपराधों से बचाव और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।