{"vars":{"id": "127470:4976"}}

विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास के लिए किया गया प्रेरित

 

RNE Bikaner

बीकानेर,  एसकेआरएयू के कृषि महाविद्यालय में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया।  कार्यक्रम में कुलगुरु डॉ. प्रो. आर.बी. दुबे ने कहा कि भारत विश्व के कुल दुग्ध उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ प्रथम स्थान पर हैं। यह उपलब्धि करोड़ों पशुपालकों की मेहनत, वैज्ञानिकों के योगदान एवं सहकारी डेयरी व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को डेयरी उद्यमिता, स्टार्टअप, दूध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उद्यमिता विकास कर किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने तथा रोजगार सृजन में अपना अहम योगदान दे सकते हैं।

महाविद्यालय के  पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उरमूल डेयरी के प्रबंधक हरीश शर्मा ने उरमूल एवं अमूल डेयरी की सहकारी व्यवस्था, किसान सशक्तीकरण तथा दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक उन्नति में डेयरी क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विजय प्रकाश ने डेयरी फार्मिंग के माध्यम से महिला सशक्तीकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विभाग के डॉ. शंकर लाल ने वैज्ञानिक डेयरी फार्मिंग एवं उन्नत पशु प्रबंधन तकनीकों की जानकारी दी।
प्रश्नोत्तरी आयोजित 
इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं डेयरी क्षेत्र के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
 विभाग के प्रभारी डॉ. कुलदीप प्रकाश शिंदे ने आभार व्यक्त किया।