{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर के खाजूवाला सहित 08 जिलों में उप जिला अस्पताल बनेंगे, हर अस्पताल को 35 करोड़
 

 

Rudra News Express Jaipur- Bikaner.

राजस्थान में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को लेकर भजनलाल सरकार ने बड़ा फैसला किया है। प्रदेश के 8 क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालयों के नए भवनों के निर्माण के लिए सरकार ने कुल 280 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। प्रत्येक अस्पताल के लिए 35 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इनमें बीकानेर जिले का खाजूवाला उप जिला चिकित्सालय भी शामिल है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से अस्पतालों के भवन, चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि नए और सुदृढ़ भवनों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

इन 8 अस्पतालों को मिले 35-35 करोड़ :

- सूरतगढ़, श्रीगंगानगर
- बिलाड़ा, जोधपुर
- देचू, फलोदी
- खाजूवाला, बीकानेर
- प्रतापपुर, बांसवाड़ा
- रायपुर, ब्यावर
- खण्डार, सवाई माधोपुर
- छबड़ा, बारां

सरकार के इस फैसले से इन क्षेत्रों में अस्पतालों का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और गंभीर उपचार के लिए मरीजों को दूर के बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। खास तौर पर सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में उप जिला चिकित्सालय के नए भवन और बेहतर संसाधनों से स्थानीय आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।