{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर में इतना खराब खाना, क्या इसीसे बढ़ रही बीमारियां!

Bikaner : 400 किलो मावा, 309 किलो ड्राई फ्रूट,  90 किलो गुलाब जामुन फिंकवाए, 28 हजार किलो मैदा सीज

 

Rudra News Express Bikaner.

दीपावली त्योहार पर जहां खान-पान के बाजार में जबरदस्त उछाल है वहीं हर दिन नकली, मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री बेचने की घटनाएं सामने या रही है। बीकानेर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 400 किलो फफूंद लगा मावा, 309 किलो खराब ड्राई फ्रूट और 90 किलो गुलाब जामुन नष्ट करवाए। इसके साथ ही 28 हजार किलो दूषित मैदा भी सीज किया। 

बीकानेर के CMHO डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अभियान के तहत अब तक लगभग 400 किलोग्राम फफूंद लगा दूषित मावा, 309 किलोग्राम दागी एवं बदबूदार बादाम, पिस्ता व अखरोट तथा 90 किलोग्राम गुलाब जामुन जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 735 किलोग्राम अवधिपार काला नमक भी नष्ट करवाया गया है।

सूजी, आटा, मैदा सीज : 

इसके साथ ही जांच रिपोर्ट आने तक 1250 किलोग्राम सूजी (हाई लाइफ), 3950 किलोग्राम आटा (शिवशक्ति ब्रांड), 750 लीटर धनश्री तेल तथा 2319 लीटर घी (वातुला, निजोन एवं वर्सेटाइल ब्रांड) सीज किया गया है। जयपुर से आई केंद्रीय टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में लगभग 28 हजार किलोग्राम दूषित मैदा सीज किया गया। वहीं, 2750 किलोग्राम अवधिपार मैदा पापड़ नष्ट करवाए गए। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के लगभग 22 हजार किलोग्राम तेल को जांच रिपोर्ट आने तक सीज किया गया है।

100 से अधिक नमूने जांच के लिए भेजे : 

डॉ. साध ने बताया कि अभियान के तहत अब तक खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत 100 से अधिक नमूने लेकर जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भिजवाए जा चुके हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे मिलावटी एवं फफूंद लगा मावा का भंडारण और विक्रय नहीं करें। मावे को अखबार के कागज में रखकर भंडारित करना भी प्रतिबंधित है।
अभियान के तहत खाद्य नमूनीकरण की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह, सुरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार गोदारा, निशान्त चारण, सोना रानी, ममता सोंग्रा, इंद्र प्रकाश ढाका एवं महावीर मेघवाल द्वारा की जा रही है।