{"vars":{"id": "127470:4976"}}

सफल दांपत्य जीवन और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित है किताब 

 

RNE New Delhi- Bikaner.

 केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अपनी 58वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर नई पुस्तक “पचपन और बचपन: कैसे बढ़ाएँ अपनापन” का विमोचन किया। 

नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर आयोजित समारोह में प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

यह पुस्तक पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास, संवाद और सुखद वैवाहिक जीवन को केंद्र में रखकर लिखी गई है। समारोह को संबोधित करते हुए मेघवाल ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रिश्तों में अपनत्व और संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि यह पुस्तक नई पीढ़ी को दांपत्य जीवन में पारस्परिक सम्मान, विश्वास और बेहतर संवाद के माध्यम से रिश्तों को मजबूत बनाने का व्यावहारिक मार्गदर्शन देती है। पुस्तक में वैवाहिक जीवन को संतुलित, सफल और आनंदमय बनाने के विभिन्न पहलुओं पर सरल शैली में चर्चा की गई है।

उल्लेखनीय है कि अर्जुनराम मेघवाल इससे पहले भी दांपत्य जीवन पर आधारित “एक सफर हमसफर के साथ” नामक पुस्तक लिख चुके हैं, जिसे पाठकों ने सराहा था।

समारोह में विभिन्न गणमान्यजन, साहित्य प्रेमी और परिवारजन उपस्थित रहे।