{"vars":{"id": "127470:4976"}}

12 से 14 नवंबर तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होंगे मुकाबले, राजस्थान के 200 से अधिक मुक्केबाज दिखाएंगे दमखम; अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी भी लेंगे भाग

 

RNE Bikaner

बीकानेर। बीकानेर के खेल इतिहास में पहली बार सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 12 से 14 नवंबर तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन आज जिला कलेक्टर श्री निशांत जी जैन ने किया। इस अवसर पर एडीएम सिटी श्रीमती रीना छीपा एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री मनु गर्ग (IAS) भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशांत जी जैन ने कहा कि यह बीकानेर के लिए बेहद खुशी और गौरव की बात है कि पहली बार शहर में सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी, राष्ट्रीय पदक विजेता एवं अन्य प्रतिभाशाली मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि इन अनुभवी खिलाड़ियों को अपने शहर में खेलते हुए देखकर बीकानेर के उभरते हुए मुक्केबाजों को निश्चित रूप से प्रेरणा और प्रोत्साहन मिलेगा। ऐसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ-साथ बीकानेर में बॉक्सिंग खेल को नई पहचान और मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़ी पूरी टीम को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।

आयोजन सचिव बॉक्सिंग कोच राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक मुक्केबाज भाग लेंगे। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय पदक विजेता तथा खेलो इंडिया यूथ प्रतियोगिता एवं खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के पदक विजेता मुक्केबाज भी रिंग में उतरेंगे।

विजेताओं को मिलेगा राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलने का अवसर

इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है कि इसमें विजेता रहने वाले मुक्केबाजों को आगामी 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 27 दिसंबर तक बिहार के पटना स्थित इंडोर हॉल, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। ऐसे में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।

बीकानेर में बॉक्सिंग को मिलेगा नया प्रोत्साहन

बीकानेर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के आयोजन से स्थानीय मुक्केबाजों को अपने ही शहर में प्रदेश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने से नई पीढ़ी के मुक्केबाजों को प्रेरणा मिलेगी। यह आयोजन बीकानेर में बॉक्सिंग के विकास, नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा शहर को प्रदेश के खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।