सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभागाध्यक्ष को 28 जनवरी 2027 को कोयंबटूर में मिलेगी FIAP–2026 फेलोशिप, बाल स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और शोध में योगदान को मान्यता
RNE Bikaner
बीकानेर,। भारतीय बाल रोग अकादमी ने बीकानेर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. जीएस. तंवर का चयन वर्ष 2026 की राष्ट्रीय फेलोशिप (FIAP) के लिए किया है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध पीबीएम अस्पताल के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. तंवर को यह सम्मान बच्चों के उपचार, युवा चिकित्सकों के प्रशिक्षण, शोध और जनस्वास्थ्य में उनके योगदान के लिए मिलेगा। फेलोशिप 28 जनवरी 2027 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में 64वें राष्ट्रीय बाल रोग सम्मेलन ‘पेडिकॉन–2027’ के उद्घाटन समारोह में प्रदान की जाएगी।
नवजात शिशुओं की देखभाल से दुर्लभ रोगों तक
डॉ. तंवर को बाल रोग चिकित्सा, शिक्षण और शोध का 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता में नवजात शिशुओं की देखभाल, बच्चों के तंत्रिका तंत्र से जुड़े रोग, संक्रामक बीमारियां और दुर्लभ रोग शामिल हैं। गंभीर रूप से बीमार बच्चों के उपचार के साथ उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों, स्नातकोत्तर चिकित्सकों और युवा शोधार्थियों के प्रशिक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। वर्ष 2026 में नवजात शिशुओं की स्क्रीनिंग, दुर्लभ रोगों की देखभाल और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उनकी सेवाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
शोध और चिकित्सा शिक्षा में 80 योगदान
डॉ. तंवर के नाम कुल 80 अकादमिक एवं वैज्ञानिक योगदान दर्ज हैं। इनमें अनुक्रमित चिकित्सा पत्रिकाओं में 29 प्रकाशन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में 46 वैज्ञानिक प्रस्तुतियां व शोध-सार तथा पुस्तकों से जुड़े पांच योगदान शामिल हैं। यूरोपियन सोसाइटी फॉर पीडियाट्रिक इन्फेक्शियस डिजीजेज के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उन्हें ‘यंग रिसर्चर अवॉर्ड’ मिल चुका है। वर्ष 2018 में उन्होंने प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त किया।
राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवाओं की मान्यता
डॉ. तंवर के चिकित्सा, जनस्वास्थ्य एवं बाल स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा मान्यता एवं सराहना प्राप्त हुई है। इनमें विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का भारत कार्यालय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) तथा राजस्थान मेडिकल काउंसिल प्रमुख हैं। विभिन्न संस्थानों से प्राप्त यह सम्मान उनके चिकित्सा, शैक्षणिक, शोध एवं जनस्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर समर्पित योगदान का प्रमाण है।
भारतीय बाल रोग अकादमी की बीकानेर शाखा के सचिव डॉ. तंवर जिला थैलेसीमिया सोसाइटी से भी जुड़े हैं। फेलोशिप के लिए चयन पर उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बीकानेर के चिकित्सा समुदाय, उनके विद्यार्थियों, शोधार्थियों और बच्चों की देखभाल में जुटी पूरी टीम की है। उन्होंने अपने वरिष्ठों, सहकर्मियों, परिवार और भारतीय बाल रोग अकादमी के प्रति आभार व्यक्त किया।