{"vars":{"id": "127470:4976"}}

21 वर्षों से भव्य रामलीला का आयोजन कर रही संस्था ने माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों का किया सम्मान

 

RNE Bikaner

बीकानेर। माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित उद्योगपति श्री पुरुषोत्तम जी मिमानी, श्री इंद्र कुमार जी डागा, श्री गणेश जी चांडक (गज्जू), श्री प्रमोद जी डागा एवं डॉ. बी.के. शर्मा के बीकानेर आगमन पर श्रीराम कला मंदिर संस्थान की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पिछले 21 वर्षों से निरंतर भव्य रामलीला का आयोजन कर रही संस्था ने सभी अतिथियों का सम्मान कर उनके सामाजिक एवं व्यावसायिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग, तपस्या और कर्तव्यनिष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, माता-पिता के प्रति सम्मान, भाईचारे, आदर्श शासन और विपरीत परिस्थितियों में भी मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने श्रीराम कला मंदिर संस्थान द्वारा पिछले 21 वर्षों से रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में धार्मिक चेतना और संस्कारों का संचार करते हैं।

 

इस अवसर पर सभी अतिथियों ने बीकानेर की माटी, यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, खान-पान, हवा-पानी और आपसी प्रेम एवं भाईचारे की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि से जुड़ाव जीवनभर बना रहता है और बीकानेर की सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता अपने आप में विशिष्ट पहचान रखती है।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 61 के पार्षद श्री गिरिराज जोशी, संस्थान के निदेशक श्री अभिराम जी गौड़, भैरूरतन भादानी, प्रभु छंगाणी, ललन जोशी, जितेश एवं मदन आचार्य सहित संस्थान के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजा सांखी ने किया।