{"vars":{"id": "127470:4976"}}

2 दिसंबर को कामाख्या के लिए रवाना होगी दूसरी ट्रेन

 

RNE Bikaner

बीकानेर वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के तहत तिरुपति-पद्मावती तीर्थ स्थल के लिए विशेष भारत गौरव ट्रेन सोमवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन बीकानेर से वाया भगत की कोठी (जोधपुर) और पाली होते हुए तिरुपति-पद्मावती पहुंचेगी।

इस यात्रा में बीकानेर जिले के 206, चूरू के 129, श्रीगंगानगर के 69 तथा हनुमानगढ़ जिले के 52 सहित कुल 456 यात्री बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 से रवाना हुए। इसके अतिरिक्त जोधपुर के भगत की कोठी और पाली रेलवे स्टेशन से भी यात्रियों को ट्रेन में सवार किया जाएगा।

सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि बीकानेर संभाग के चयनित यात्रियों को लेकर ट्रेन दोपहर 1:30 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन 29 नवम्बर को पुनः बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था आईआरसीटीसी की ओर से देवस्थान विभाग के निर्देशानुसार की गई है।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, एक चिकित्सक और दो नर्सिंगकर्मियों की मेडिकल टीम तथा 26 अनुरक्षकों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कोच में दो अनुरक्षक तैनात रहेंगे। बीकानेर रेलवे स्टेशन से 12 अनुरक्षक भी यात्रियों के साथ रवाना हुए हैं, जो यात्रा की वापसी तक वरिष्ठ नागरिकों की सहायता एवं सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।

ट्रेन को विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संपूर्ण व्यवस्थाओं का संचालन सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में किया गया। बीकानेर कार्यालय की ओर से सोनिया रंगा, महेश कुमार शर्मा, किशोर कुमार शर्मा, राजेश दाधीच, गोपाल आचार्य, लालचंद, अनुसुइया शर्मा, संदीप, अभिषेक एवं सोनू शर्मा सहित अन्य कार्मिकों ने व्यवस्थाएं संभालीं। वहीं हनुमानगढ़ कार्यालय की ओर से महेश कुमार ओझा एवं रितेश श्रीमाली ने सहयोग किया।

2 दिसंबर को कामाख्या के लिए रवाना होगी दूसरी ट्रेन

इसी क्रम में 2 दिसंबर 2026 को बीकानेर से कामाख्या तीर्थ स्थल के लिए एक अन्य विशेष ट्रेन रवाना होगी। इसमें बीकानेर संभाग के कुल 190 चयनित यात्री यात्रा करेंगे। इन यात्रियों को सुबह 7 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। इस ट्रेन में भी एक ट्रेन प्रभारी, मेडिकल टीम तथा बीकानेर रेलवे स्टेशन से छह अनुरक्षक यात्रियों के साथ रवाना होंगे।

यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्यालय समय में यात्रा शाखा प्रभारी महेश कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9928178898 पर संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।