{"vars":{"id": "127470:4976"}}

टाउन हॉल का किराया कम करने पर रंगकर्मियों ने जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त का जताया आभार
 

 

RNE Bikaner

 टाउन हॉल के किराए में कमी किए जाने के निर्णय से बीकानेर के रंगकर्मियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। इस निर्णय को रंगकर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल बताते हुए बीकानेर थिएटर यूनिट के तत्वावधान में रंगकर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अभिषेक आचार्य के नेतृत्व में जिला कलेक्टर निशांत जैन एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त स्नहेल धायगुडे से मुलाक़ात कर उनका आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी उपस्थित थे । प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि टाउन हॉल का किराया अधिक होने के कारण स्थानीय रंगकर्मियों, नाट्य संस्थाओं और सांस्कृतिक संगठनों को कार्यक्रमों एवं नाट्य प्रस्तुतियों के आयोजन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। रंगकर्मियों की इस समस्या को समझते हुए किराए में कमी का निर्णय लेना कला, संस्कृति और रंगमंच को प्रोत्साहन देने की दिशा में सराहनीय कदम है। अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बीकानेर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और नाट्य गतिविधियों को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे सहयोगात्मक निर्णय बेहद महत्वपूर्ण हैं। टाउन हॉल का किराया कम होने से अब स्थानीय नाट्य संस्थाओं, युवा कलाकारों और सांस्कृतिक आयोजकों को अपनी प्रस्तुतियां अधिक सहजता से आयोजित करने का अवसर मिलेगा। ज़िला कलेक्टर, बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त ने आशा व्यक्त की कि अब नगर के रंगकर्मियों द्वारा अधिक नाटकों का मंचन करेंगे ताकि बीकानेर के दर्शकों को अधिक बेहतरीन नाटक देखने का अवसर मिले । प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ रंगकर्मी रमेश शर्मा, सुरेश हिंदुस्तानी , उत्तम सिंह , विजय सिंह शेखावत, सुरेश पूनिया, विनोद पारीक सहित अनेक रंगकर्मी उपस्थित थे ।