हजारीबाग में दर्दनाक हादसा, जहरीली गैस और दम घुटने से गई जान; एक की हालत गंभीर
RNE Hazaribagh Network.
झारखंड के हजारीबाग जिले में अवैध महुआ शराब छिपाने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। कटकमदाग थाना क्षेत्र के कुद गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में छिपाई गई महुआ शराब निकालने उतरे एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुलिस कार्रवाई के डर से परिवार ने महुआ शराब को निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में छिपाकर रखा था। सोमवार देर रात इसे निकालने के लिए चमेली देवी, मदन साव और उनका बेटा रवि साहू टैंक में उतरे। टैंक के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण तीनों बेहोश हो गए।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर चमेली देवी के पति आनंद साव उन्हें देखने पहुंचे। उन्होंने तीनों को अचेत हालत में देखा और बचाने के लिए खुद भी टैंक में उतर गए। जहरीली गैस की चपेट में आने से वे भी बेहोश हो गए।
घटना का पता चलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और चारों को बाहर निकालकर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने चमेली देवी, मदन साव और रवि साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि आनंद साव का उपचार जारी है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला जहरीली गैस और दम घुटने से मौत का प्रतीत होता है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। शुरुआती जांच में अवैध महुआ शराब बनाने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।