{"vars":{"id": "127470:4976"}}

आर के दास गुप्ता को श्रद्धांजलि : भावुक हो गए बीकानेर के जज-वकील, कोर्ट कैंपस में हुई श्रद्धांजलि सभा

 

एडवोकेट आर के दास गुप्ता को श्रद्धांजलि देने जुटे बीकानेर के अधिवक्ता!

Rudra News Express Bikaner. 

बार एसोसिएशन, बीकानेर के सभापति एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर आज नवीन जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर, बीकानेर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में जिला एवं सेशन न्यायाधीश अश्विनी विज सहित न्यायिक अधिकारीगण, बार एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी सहित बड़ी तादाद में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया। गुप्ता को याद करते बार-बार अधिवक्ता और उनके साथी भावुक हो जाते। 

हृदयाघात से आकस्मिक निधन : 

रामकृष्ण दास गुप्ता का हृदयाघात के कारण दिनांक 27 अक्टूबर को निधन हो गया था। वे वर्तमान में बार एसोसिएशन, बीकानेर के सभापति, पूर्व विधायक, राजस्थान बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष तथा बार एसोसिएशन, बीकानेर के पूर्व अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने अपने दीर्घ सार्वजनिक एवं विधिक जीवन में अधिवक्ता समुदाय, न्याय व्यवस्था और सामाजिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अधिवक्ता समाज के लिए योगदान : 

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि रामकृष्ण दास गुप्ता का निधन संपूर्ण अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना जीवन विधि, न्याय और अधिवक्ता समुदाय की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका मार्गदर्शन, सरल स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश अश्विनी विज ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुप्ता का निधन विधि एवं न्याय जगत के लिए अत्यंत दुःखद है। उनका सार्वजनिक एवं विधिक जीवन स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

वक्ताओं ने ये कहा : 

अधिवक्ता गणेश चौधरी ने कहा कि गुप्ता अधिवक्ता समुदाय के वरिष्ठ मार्गदर्शक थे। उनके अनुभव, व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण को सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन अधिवक्ता समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। अधिवक्ता दौलत सिंह तंवर ने कहा कि श्री गुप्ता ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। जगदीश शर्मा ने  कहा कि गुप्ता का जीवन संघर्ष, सेवा और विधि के प्रति निष्ठा का उदाहरण था। सतपाल साहु ने कहा कि उनकी कमी को पूरा करना कठिन होगा। इस अवसर पर बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी ने भी गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ये रहे मौजूद : 

शोकसभा में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष रक्षपाल बिश्नोई,  मनीष शर्मा,  धर्मेंद्र वर्मा,लेखराम धत्तरवाल, कोषाध्यक्ष सुधीर श्रीमाली, रविकांत वर्मा, सुरेंद्र पाल शर्मा बिहारी सिंह राठौड़, हरिश औझा  अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।