Om Acharya को श्रद्धांजलि : मंत्री अर्जुनराम, सतीश पूनिया, जेठानंद व्यास सहित सैकड़ों जुटे
May 31, 2026, 14:05 IST
RNE Bikaner.
लोकतंत्र सेनानी एवं प्रख्यात विधिवेत्ता स्वर्गीय ओम प्रकाश आचार्य की द्वितीय पुण्यतिथि पर शनिवार को ओझा सत्संग भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने आचार्य को लोकतांत्रिक मूल्यों, सिद्धांतनिष्ठ राजनीति और सामाजिक सरोकारों का सशक्त प्रतीक बताया।
मुख्य वक्ता केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वालों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जिन लोगों ने संघर्ष किया, उनमें स्वर्गीय ओम प्रकाश आचार्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव तक कार्य किया।
मेघवाल ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। ऐसे लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और त्याग को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आचार्य को सफल विधिवेत्ता, कुशल संगठनकर्ता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि स्वर्गीय ओम आचार्य का जीवन सिद्धांतों, मूल्यों और संगठन के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था। उन्होंने कहा कि आचार्य ने अपने विचारों और कार्यों के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई। संगठन को सशक्त बनाने और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
डॉ. पूनिया ने कहा कि वर्तमान समय में जब राजनीति में आदर्शों और मूल्यों की चर्चा होती है, तब ओम आचार्य जैसे व्यक्तित्व प्रेरणा के स्रोत बनकर सामने आते हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, रमेश इसरानी, लोकेश चतुर्वेदी, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, पंडित जुगल किशोर ओझा, पंडित लक्ष्मीनारायण पुजारी सहित अनेक वक्ताओं ने स्वर्गीय ओम आचार्य के व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्वर्गीय ओम आचार्य के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। संस्थान मंत्री विजय कुमार आचार्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। संस्थान अध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन बनवारीलाल शर्मा ने किया।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, जालम सिंह भाटी, अखिलेश प्रताप सिंह, मोहन सुराणा, एडवोकेट मुमताज अली भाटी, एडवोकेट कुलदीप शर्मा, हरिनारायण व्यास, राजेंद्र किराडू, यशपाल आहूजा, दीपक पारीक, शिवरतन अग्रवाल, हनुमान चांडक, अविनाश चंद्र व्यास, तेजकरण गहलोत, सतपाल सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।