{"vars":{"id": "127470:4976"}}

 आयुक्त से माननीय विधायक श्री जेठानंद जी व्यास के नेतृत्व में महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं पार्षद साथियों ने शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर मुलाकात की

 

RNE Bikaner

बीकानेर नगर निगम के आयुक्त से माननीय विधायक श्री जेठानंद जी व्यास के नेतृत्व में महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं पार्षद साथियों ने शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर मुलाकात की। इस दौरान आयुक्त महोदय एवं नगर निगम प्रशासन के समक्ष शहर के विकास एवं नागरिक-केंद्रित सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखा गया।

पिछले एक माह से शहर में सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण योजना, निर्माण कार्यों के कारण आमजन को हो रही परेशानियों, नालियों की सफाई तथा अधूरे पड़े विभिन्न निर्माण कार्यों सहित आमजन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार ध्यान आकर्षित करवाया जा रहा है। मुलाकात के दौरान आयुक्त महोदय ने संबंधित ठेका कंपनी के प्रतिनिधि को वर्तमान व्यवस्था में सामने आ रही कमियों से अवगत करवाते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा दो दिन पूर्व हरी झंडी दिखाकर शुरू की गई घर-घर कचरा संग्रहण योजना को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने तथा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा की गई। दीपावली के पर्व को देखते हुए शहर में विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाने, रोड लाइटों को दुरुस्त करने, नाली एवं सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा शहर में चल रहे एवं अधूरे निर्माण कार्यों की समीक्षा सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई।

इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि, “शहर की स्वच्छता, बेहतर सीवरेज व्यवस्था, सुचारू रोड लाइट एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं ही एक व्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित शहर के निर्माण का आधार हैं। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और शहर के विकास को गति देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि “माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा शुरू की गई घर-घर कचरा संग्रहण योजना को सफल बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन या नगर निगम की नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की भी है। प्रशासन, नगर निगम, संबंधित एजेंसी और आमजन के बेहतर समन्वय से ही स्वच्छ एवं सुंदर बीकानेर का निर्माण संभव है।”

इस दौरान साथी पार्षद विनोद धवल, अनूप गहलोत, हिमांशु शर्मा, गिरिराज जोशी, दीपक व्यास, प्रकाश व्यास, शंकर लाल तंवर, जेठाराम नायक, जगदीश सोलंकी, वीरेंद्र करल, शिव गहलोत सहित पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 “बीकानेर के विकास और जनहित के कार्यों को किसी भी प्रकार की राजनीति या बाधा से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। हमारा उद्देश्य शहर के विकास को निरंतर गति देना और प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।