{"vars":{"id": "127470:4976"}}

ASP सहित पुलिस टीम का वीडियो वायरल, होटल में रेड कर प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की धमकी, 06 सस्पेंड!

 

 

Rudra News Express MP Desk.

पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। कुछ आपत्तिजनक नहीं मिला तो एक प्रेमी जोड़े को धमकाया। जब जोड़े ने बताया कि हम बालिग है, शादी करने वाले है तो कहा, अभी गांजे की पुड़िया रख देंगे। कहने वाला कोई कांस्टेबल, हैड कांस्टेबल या ASI स्तर का पुलिसकर्मी नहीं वरन ASP है।

 

मामला तब सामने आया जब गुप्त सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो वायरल हो गया। सरकार ने ASP सहित 06 पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड किया है। जांच शुरू की है।

 

घटना मध्य प्रदेश के सिवनी की है। होटल में ठहरे बालिग प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने वाले ASP का नाम दीपक मिश्रा है। 

 

दरअसल सिवनी के होटल सिद्धांत में ठहरे एक युवक और युवती के कमरे में पुलिस टीम ने दबिश दी थी। होटल में लगे गुप्त कैमरे के यह दबिश आवाज सहित रिकॉर्ड हो गई। बाद में यह वीडियो वायरल हो गया। वायरल वीडियो में ASP दीपक मिश्रा युवक के बैग में गांजा रखकर उसे जेल भेजने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

इस मामले में ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और कोतवाली टीआई सतीश तिवारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, दीपक मिश्रा ने वीडियो को AI जनरेटेड और फर्जी बताया है।

दबंगई के कई किस्से- BJP नेता को रेप केस में फंसाने की धमकी : 

दीपक मिश्रा की दबंगई की चर्चाएं आम हैं। उनके खिलाफ 19 अगस्त को BJP के स्थानीय नेता और अधिवक्ता नरेंद्र गुड्डू ठाकुर ने सिवनी SP से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ASP उन्हें महिला संबंधी अपराध में फंसाकर उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं।

ठाकुर का आरोप था कि एक महिला ने भी ASP के खिलाफ शिकायत की थी। उस महिला का आवेदन तैयार करवाने के बाद मिश्रा उन पर शिकायत वापस करवाने का दबाव बना रहे थे। 

शहीद पुलिस अधिकारी के बेटे हैं ASP, पिता की जगह मिली नौकरी:

जानकारी मिली है कि ASP दीपक मिश्रा के पिता पुलिस इंस्पेक्टर थे। वर्ष 1975 में बालाघाट कोतवाली में टीआई रहते हुए थाने में हुई आगजनी की घटना में उनकी मौत हो गई थी। उस दौरान तीन पुलिसकर्मी ड्यूटी निभाते हुए जिंदा जल गए थे। पिता की मृत्यु के बाद दीपक मिश्रा को अनुकंपा के आधार पर सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति मिली थी।