Vipra Foundation : राष्ट्रीय समन्वयक सुशील ओझा 26 अगस्त को बीकानेर आएंगे, भूमि को लेकर होंगे अहम फैसले
Rudra News Express Bikaner.
विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय समन्वयक सुशील ओझा 26 अगस्त को बीकानेर प्रवास पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रवास के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, विस्तार और राज्य सरकार की ओर से फाउंडेशन को आवंटित भूमि के उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।
सुशील ओझा के बीकानेर आगमन को लेकर विप्र फाउंडेशन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सरकार द्वारा आवंटित भूमि से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
नाल एयरपोर्ट पर होगा स्वागत :
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चूरा ने बताया कि सुशील ओझा 26 अगस्त को सुबह 11 बजे नाल एयरपोर्ट, बीकानेर पहुंचेंगे। यहां विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने बताया कि सरकार की ओर से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार के लिए आवंटित भूमि को लेकर सुशील ओझा महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।
दोपहर 2:30 बजे होगी अहम बैठक :
युवा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट पंकज पीपलवा ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे सीए सुधीश शर्मा के अमर सिंह पुरा स्थित निवास पर संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। इस दौरान आवंटित भूमि का अवलोकन किया जाएगा। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। सुशील ओझा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित भी करेंगे।
सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगी आवंटित भूमि :
सीए सुधीश शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन को मिली भूमि संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भविष्य में यहां सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने की योजना है। यह स्थान समाजहित से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का प्रमुख केंद्र बन सकता है। प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने कहा कि सुशील ओझा का प्रवास संगठन को नई दिशा देने के साथ सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तैयारियों में प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक हर्ष, जिला अध्यक्ष सुभाष जोशी, जिला संगठन महामंत्री अमित व्यास, युवा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास, जिला संगठन महामंत्री अश्विनी शर्मा, महिला प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकला आचार्य, युवा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रियता से जुटे हैं।