{"vars":{"id": "127470:4976"}}

पंचायत चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और मताधिकार के प्रयोग का लिया संकल्प
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर, आगामी पंचायत आम चुनाव 2026 में मतदाताओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के निर्देशानुसार और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी शैलजा पांडे के मार्गदर्शन में जिलेभर में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी शैलजा पांडे ने बताया कि इसी क्रम में शुक्रवार को पंचायत समिति मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष निर्वाचन और मताधिकार की भूमिका को समझा। साथ ही आगामी पंचायत चुनाव में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।

स्वीप सह प्रभारी व जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई ने बताया कि स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है। विभिन्न नवाचारों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

स्वीप के तहत हो चुके हैं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम

स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक श्री प्रशांत जोशी ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अब तक वोट मैराथन, दिव्यांग एवं वरिष्ठजन मतदाता संवाद, मतदान जागरूकता रंगोली एवं मेहंदी, नारी शक्ति संवाद और गरबा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

स्वीप प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक श्री गोपाल जोशी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार ग्रामीण स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के जरिए मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है, ताकि वे जागरूक नागरिक के रूप में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें और आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करें।