वृंदावन एंक्लेव महादेव मंदिर में शिव भक्ति का प्रकटीकरण: सहस्रधारा अभिषेक, अलौकिक श्रृंगार, महाआरती और महाप्रसाद भंडारे का भव्य आयोजन
RNE Bikaner
बीकानेर।जयपुर रोड स्थित वृंदावन एंक्लेव के महादेव मंदिर में धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास के साथ विशेष पूजनोत्सव संपन्न हुआ। पंडितों के वेदोक्त मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं के ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच भगवान भोलेनाथ का सहस्रधारा अभिषेक, दिव्य श्रृंगार, भव्य महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन अत्यंत धूमधाम से किया गया।
वेद मंत्रों के बीच गूंजा सहस्रधारा अभिषेक:-
पूजनोत्सव का शुभारंभ पंडित बलदेव महाराज के द्वारा विधिवत संकल्प एवं गणेश पूजन से हुआ। मुख्य यजमान अशोक मोदी के साथ कॉलोनीवासियो में धन सिंह काजला,हेमंत पूर्वा, जितेंद्र बिश्नोई, मुकेश बिश्नोई, शिव पुरी, महेंद्र सिंह, रमेश कुमार एवं बृजमोहन ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, घृत, शहद, शक्कर एवं पंचामृत से निरंतर सहस्रधारा अभिषेक किया।
पंडितों के मुखारविंद से प्रस्फुटित होते रुद्रपाठ और 'ॐ नमः शिवाय' के महामंत्र से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।अभिषेक,
अलौकिक श्रृंगार, शिव स्तुति एवं महादेव का
सुगंधित पुष्पमालाओं, बिल्वपत्रों, भस्म, चंदन और विशेष आभूषणों से सजे भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर संगीतमय शिव स्तुति, शिव चालीसा और शिव तांडव स्तोत्र का सस्वर पाठ किया गया। पूजन के अंत में शंखध्वनि, झालर और ढोल-नगाड़ों की मधुर तान पर भगवान आशुतोष की भव्य महाआरती उतारी गई, जिसमें पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सामूहिक सहयोग और मातृशक्ति कीसहभागिता:
इस धार्मिक कार्यक्रम के कुशल संचालन व व्यवस्थाओं में मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए राखी पूर्वा एवं बबीता भाटिया के नेतृत्व में महिला मंडल ने मंदिर सजावट और व्यवस्थापन में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
वहीं पारस्परिक सहयोग व सेवाभाव से विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन हुआ। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर पूर्ण अनुशासन के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वृंदावन एंक्लेव में अटूट श्रद्धा, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली।