{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बीकानेर में बोले डोटासरा : जुगलकिशोर कौन है? बिहारीलाल से क्या रिश्ता? खाद-बीज कारोबारियों से वसूली का हिसाब दें मंत्री
 

 

RNE Bikaner. 

Rajasthan  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीकानेर में कांग्रेस के सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा पर तीखा हमला बोला। खाद-बीज कारोबारियों से वसूली के आरोपों को लेकर मंत्री को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि "मंत्रीजी, यह दाल में काला नहीं है, पूरी दाल ही काली है।"

डोटासरा ने कहा कि कृषि मंत्री पहले कहते थे कि "मेरे पास इनपुट आया था", लेकिन अब सवाल यह है कि "उस इनपुट का आउटपुट कैसे आ गया?" उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में कई ऐसे नाम सामने आए हैं, जिनका जवाब सरकार को देना चाहिए।

सवाल उठाया, "कौन है जुगलकिशोर? नकली खाद और बीज का धंधा करने वालों से उसका क्या संबंध है? बिहारी बिश्नोई कौन है?" डोटासरा ने दावा किया कि जुगलकिशोर बिहारी बिश्नोई जयपुर स्थित मकान में रहता था और सीकर में मंत्री के नाम पर कथित दलाली करने गया था, जहां लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईमानदार बीज विक्रेताओं के खिलाफ ही राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। डोटासरा ने कहा, "हमने कहा चोर को पकड़ा है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उल्टा शिकायत करने वालों पर ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया।"

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बाद में जुगलकिशोर सीकर से निकलते ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के हत्थे चढ़ गया और उसके पास से नकदी भी बरामद हुई।

डोटासरा ने कहा कि उन्होंने केवल इतना पूछा था कि पूरे मामले की सच्चाई क्या है, लेकिन मंत्री इस सवाल पर तिलमिला गए। उन्होंने कहा, "पहले यह बताइए कि खाद और बीज कारोबारियों से कितना पैसा लूटा गया और वह पैसा कहां है। जब तक कथित लूट का माल बरामद नहीं होगा, तब तक आप खुद को दूध का धुला साबित नहीं कर सकते।"