{"vars":{"id": "127470:4976"}}

महिला शिक्षक सम्मेलन :कार्यस्थल की चुनौतियों पर चर्चा, रानी पद्मावती के त्याग, शौर्य पर भी बात 
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

रविवार को बीकानेर में महिला शैक्षिक सम्मेलन आयोजित हुआ जिसमें खासतौर पर महिला शिक्षकों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर चर्चा हुई । अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा जिला बीकानेर की ओर से यह सम्मेलन हुआ। 

सूरसागर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय हुए सम्मेलन में संगठन में भागीदारी बढ़ाने, नेतृत्वकारी भूमिका निभाने और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर विचार रखे। चार सत्रों में हुए सम्मेलन में शैक्षिक नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रानी पद्मावती के ऐतिहासिक व्यक्तित्व पर भी चर्चा हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी स्वामी  और प्रदेश सचिव रवि आचार्य बतौर अतिथि मौजूद रहे।

रचना-शिखा ने संगठन की बात रखी : 

पहले सत्र में रचना गुप्ता और शिखा एरन ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य, कार्यपद्धति और शिक्षक हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने महिला शिक्षकों से संगठन में सक्रिय भागीदारी निभाने और नेतृत्वकारी भूमिका में आगे आने का आह्वान किया। सत्र का संचालन जिला महिला मंत्री बबीता वर्मा ने किया।

लक्ष्मी-उर्वशी ने रानी पद्मावती को प्रेरक बताया : 
दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी स्वामी और प्राचार्य उर्वशी शर्मा ने रानी पद्मावती के ऐतिहासिक व्यक्तित्व, त्याग, साहस और स्वाभिमान पर विचार रखे। लक्ष्मी स्वामी ने कहा कि रानी पद्मावती का जीवन आत्मसम्मान, दृढ़ संकल्प और विपरीत परिस्थितियों में अपने मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उर्वशी शर्मा ने नई पीढ़ी को भारतीय इतिहास की वीरांगनाओं से परिचित कराने और उनमें सांस्कृतिक चेतना व आत्मसम्मान विकसित करने पर जोर दिया। इस सत्र का संचालन नीलम सक्सेना ने किया।

प्रार्थना सभा की गंभीरता पर बात : 
तीसरे सत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षण में नवाचार पर चर्चा हुई। प्रभावी प्रार्थना सभा, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण विधियों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता को बढ़ाने के उपायों पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने कहा कि प्रार्थना सभा को व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।

संवाद में खुलकर आई समस्याएं : 

चौथे सत्र में खुले संवाद के दौरान मीरा वर्मा, अनुसुइया, किरण राठौड़, भारती तनेजा, मधुरानी, रूपा रामावत, मीना, सीमा जोशी और अनीता दोचानिया सहित वक्ताओं ने महिला शिक्षकों की कार्यस्थल संबंधी चुनौतियों, सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर विचार रखे। संगठन की निर्णय प्रक्रिया में महिला शिक्षकों की भागीदारी बढ़ाने तथा उनके लिए सुरक्षित और सकारात्मक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई।

सम्मेलन के आयोजन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बिश्नोई, जिलाध्यक्ष दानाराम भादू और जिलामंत्री नरेंद्र आचार्य का सहयोग रहा। जिले की विभिन्न शाखाओं की महिला शिक्षिकाओं और संगठन कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता निभाई।