{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Actor Pankaj Tripathi के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर हमला,  गंभीर हालत में PMCH रेफर, आरोपी गिरफ्तार

 

RNE Patna. 

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार शाम गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर ने घर के बाहर बैठे विजेंद्र नाथ पर अचानक कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। जानकारी के अनुसार विजेंद्र नाथ तिवारी रविवार देर शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला राजेश साह वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

लहूलुहान होकर गिरे, पटना रेफर : 

हमले में विजेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) रेफर कर दिया। डॉक्टर्स के अनुसार विजेंद्र के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पीठ और दोनों कंधों पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव पाए गए हैं।

जमीनी विवाद बना हमले की वजह : 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद कारण हो सकता है। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले विजेंद्र नाथ तिवारी ने अपने घर के पास मिट्टी भरवाई थी, जिसके बाद जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश साह के पिता महेश साह और विजेंद्र नाथ के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस मामले में महेश साह जेल भी जा चुका था। आशंका है कि राजेश अपने पिता के जेल जाने का बदला लेना चाहता था और इसी रंजिश में उसने हमला किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।