Dollar VS Rupee : डालर के मुकाबले रुपये ने 94.03 के नए निचले स्तर को छुआ
डालर के मुकाबले 50 पैसे टूटकर 94.03 के नए निचले स्तर तक पहुंचने वाला रुपया सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद बिना किसी बदलाव के 93.53 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में यह पहली बार डालर के मुकाबले 94 के पार पहुंचा था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ बातचीत की पेशकश के बाद अंतिम सत्र में रुपये में यह मजबूती आई है।
विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय मुद्रा 93.84 पर खुली और इंट्राडे ट्रेड में पहली बार डालर के मुकाबले 94 का आंकड़ा पार कर गई। हालांकि, बाद में भारतीय मुद्रा ने अपनी सारी गिरावट की भरपाई कर ली और 93,53 पर बिना किसी बदलाव के बंद हुई। शुक्रवार को 64 पैसे की भारी गिरावट के बाद 93.53 पर बंद होने के साथ ही, रुपया डालर के मुकाबले 93 का आंकड़ा पार कर गया था।
डालर की मजबूती का मापने वाला डालर इंडेक्स 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.78 पर कारोबार कर रहा था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड का मूल्य 10.50 प्रतिशत गिरकर 100.37 डालर प्रति बैरल हो गया है। अमेरिका का डब्ल्यूटीआइ क्रूड भी सात प्रतिशत गिरा है।
मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि रुपया नकारात्मक रुझान के साथ कारोबार करेगा, क्योंकि बिगड़ते वैश्विक हालात और भू राजनीतिक तनाव रुपये को दवाव में रख सकते हैं। हालांकि, आरबीआइ द्वारा समय समय पर किए जाने वाले हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तरों पर सहारा मिल सकता है।"