Mustard Bhav : सरसों के भाव किसानों को दे रहे झटका, पिछले साल से 1500 रुपये प्रति क्विंटल कम बिक रही
राजस्थान की अलवर मंडी में सरसों की आवक शुरू, सरकारी खरीद नहीं हुई शुरू
राजस्थान की अलवर मंडी में सरसों की आवक शुरू हो गई है। प्रतिदिन करीब 1500 से 2000 कट्टे सरसों पहुंच रही है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं होने की वजह से किसानों को उचित दाम नहीं मिल पा रहे है। नमी भी ज्यादा होने की वजह से करीब 1500 रुपए क्विंटल का किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अभी मंडी में पुरानी सरसों 6000 से 6900 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही है, जबकि नई सरसों के दाम 5000 से 6000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बने हुए है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर सरकारी खरीद शुरू हो जाए तो राहत मिल सकती है। हर साल सरकारी खरीद तब शुरू होती है जब अधिकांश किसान अपनी उपज व्यापारियों को बेच चुके होते हैं। ऐसे में समर्थन मूल्य का लाभ सीमित किसानों तक ही पहुंच पाता है।
नमी बनी बड़ी वजह, पंजीयन जल्द हो शुरू मंडी में आ रही नई
सरसों में 30 से 35 प्रतिशत तक नमी पाई जा रही है। व्यापारी इसे खरीदकर धूप में सुखा रहे हैं, जिससे किसानों को कम भाव दिए जा रहे है। व्यापारियों का कहना है कि दाम लैब जांच पर निर्भर करते हैं, जिस सरसों की गुणवत्ता और नमी स्तर बेहतर होगा, उसे बेहतर कीमत मिलेगी। वहीं, किसानों का कहना है कि पंजीयन प्रक्रिया तत्काल चालू की जाए, ताकि उन्हें उचित समर्थन मूल्य मिल सके और घाटे से बचाया जा सके।