{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Gold Loan के लिये रखे सोने के 96 पैकेट Bank of India से गायब, करोड़ों की हेराफेरी, मैनेजर समेत 03 पर आरोप

 

 

 

RNE Firozabad-UP. 

 

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बैंक ऑफ इंडिया की भारौल शाखा से जुड़ा एक बड़ा गोल्ड लोन घोटाला सामने आया है। ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए सोने के 96 पैकेट गायब मिलने से बैंकिंग जगत में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये मूल्य के सोने की हेराफेरी की आशंका जताई गई है।

 

अधिकारी के लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर हुआ शक : 

 

जानकारी के अनुसार शाखा का एक अधिकारी लंबे समय से बैंक नहीं आ रहा था। इसी दौरान बैंक प्रबंधन को कुछ अनियमितताओं की आशंका हुई, जिसके बाद गोल्ड सेफ की जांच कराने का निर्णय लिया गया।

 

वरिष्ठ अधिकारियों की टीम सीसीटीवी निगरानी में डुप्लीकेट चाबी के जरिए गोल्ड सेफ खोलने पहुंची। जब रिकॉर्ड का मिलान किया गया तो 96 पैकेट सोना गायब मिला। यह देखकर जांच टीम भी स्तब्ध रह गई।

 

शाखा प्रबंधक समेत तीन अधिकारियों पर आरोप : 

 

मामले की प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक सहित तीन अधिकारियों के खिलाफ गबन और वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि गोल्ड सेफ की चाबियों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में कहीं गंभीर लापरवाही तो नहीं हुई।

बैंक पहुंचे ग्राहक, पुलिस तैनात : 

घोटाले की खबर फैलते ही बैंक के ग्राहकों में चिंता और आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अपने गिरवी रखे सोने की स्थिति जानने के लिए शाखा पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए बैंक परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं बैंक के उच्च अधिकारी भी पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ग्राहकों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।