14 साल के मासूम की हार्ट अटैक से मौत, इस तरह से मौत को देखकर सभी अचंभित
RNE Network.
अनहोनी घटित हो तो हर कोई विस्मित होता है और दांतों तले अंगुली दबा लेता है। क्योंकि इस तरह की अनहोनी कभी कभार ही घटित होती है। आमतौर पर हार्ट अटैक जैसी बीमारी की कल्पना किसी बच्चे में नहीं की जाती।
मगर इस तरह की अनहोनी दौसा के महुआ गांव में हुई है। दौसा के महुआ के समलेटी गांव में 14 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गयी। बच्चा शुक्रवार सुबह 8.30 बजे बिस्तर से पानी पीने के लिए उठा, तभी अचानक वह गिर पड़ा। परिजन उसे महुआ जिला अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 14 साल का कार्तिक बैरवा के पिता का नाम अशोक बैरवा है, वह आठवी कक्षा का स्टूडेंट था।
उसकी बड़ी बहन की एक मई को ही शादी हुई थी। कार्तिक दोपहर बाद पहली बार बहन को ससुराल से लेने जाने वाला था। 11 बजे उसका अंतिम संस्कार किया गया। कार्तिक के पिता अशोक बैरवा कैंसर के मरीज है। वे गांव में ही मजदूरी करते है। 14 साल के बच्चे को हार्ट अटैक आने से सभी अचंभित है।