रात के अंधेरे में भारत मे घुसा पाकिस्तानी नागरिक, सीमा सुरक्षा बल ने इस पाक नागरिक को बॉर्डर पर पकड़ा
RNE Network.
पहलगाम हमले के बाद से सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस आदि बेहद सक्रिय हो गए है। पश्चिमी सीमा पर कड़ी गश्त भी लगातार चलती रहती है। संदिग्ध लोगों को पकड़ा भी जा रहा है।
बाड़मेर में भारत - पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा है। युवक रात के अंधेरे में तारबंदी क्रॉस कर भारतीय सीमा में करीब 200 मीटर तक घुस गया था। बीएसएफ जवानों ने बुधवार सुबह युवक को दबोच लिया।
बीएसएफ ने पूछताछ के बाद पाकिस्तानी नागरिक को सेड़वा थाना पुलिस को सौंप दिया। मामला बाड़मेर जिले में दीपला बीओपी ढाणी के पास का है। बाड़मेर के एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने सेड़वा थाना क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा है। पूछताछ में पाक नागरिक ने अपना नाम हिंदाल पुत्र बरसा निवासी नयातला तहसील छाछरो जिला मीठी ( पाकिस्तान ) बताया। इसकी उम्र 24 साल है।