Bikaner Hit and Run : बीकानेर में तेज रफ्तार कार ने मां की आंखों का तारा छीना
RNE Bikaner.
बीकानेर में हिट एंड रन का दर्दनाक मामला सामने आया है। शहर में श्रीगंगानगर रोड पर एक तेज रफ्तार गाड़ी चालक ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मारी। बाइक पर सवार दो युवकों में से एक को गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद चालक घायलों को संभालने की बजाय गाड़ी भगाकर ले गया। बाद में आस-पास के लोगों, राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाई।
चोटिल युवक को पीबीएम हॉस्पिटल भेजा जहां देर रात पीबीएम हॉस्पिटल के ट्रोमा सेंटर में युवक का निधन हो गया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना बीकानेर के श्रीगंगानगर रोड की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवक यश पुरोहित और उसका एक साथी श्रीगंगानगर रोड से बीकानेर शहर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बाइक को टक्कर मारी। युवक यश के सिर में गंभीर चोट लगीं।
बाइक पर सवार दूसरे साथी को मामूली चोटें आईं। टक्कर के बाद बोलेरो चालक इन्हें घायल अवस्था मंे ही छोड़कर भाग गया। बाद में राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर इन्हें पीबीएम हॉस्पिटल भेजा।
हादसे की सूचना मिलते ही यश की मां निर्मलादेवी सहित नमामीशंकर व्यास, कपिल व्यास, गिरिराज व्यास, वेंकट व्यास, विमल कुमार, दीपक कुमार सहित परिजन, परिचित हॉस्पिटल पहुंच गये। बेटे की हालत देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन जहां एक ओर अपने दुलारे की हालत से दुखी थे वहीं टक्कर मारकर भागने वाले ड्राइवर के व्यवहार से काफी आक्रोशित रहे। देर रात यश के प्राण-पखेरू उड़ गये।
दीपक कुमार की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट के आधार पर बीछवाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एएसआई बंशीलाल ने बताया कि घटना जिस जगह हुई वहां सामने एमआरएफ टायर का शो-रूम है। इसमें सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इस शो-रूम की फुटेज मिली हैं। इसके आधार पर हाइवे पर जुड़े दूसरे फुटेज तलाश रहे हैं ताकि दुर्घटना कारित करने वाले चालक का पता लगाया जा सके।