Bikaner : बांग्लादेशी महिला डिटेन,देह व्यापार नेटवर्क और हनीट्रैप की आशंका समेत कई एंगल पर जांच
Rudra News Express Bikaner.
भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे बीकानेर में मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) और CID की टीम ने एक बांग्लादेशी महिला को डिटेन किया है। महिला को अशोक नगर क्षेत्र में तुलसी धारणिया स्कूल के पास स्थित एक डेरे से पकड़ा गया। सुरक्षा एजेंसियों को मिले इनपुट के बाद यह कार्रवाई की गई।
जांच में महिला की पहचान नीला (27) पत्नी सैफुमुल्ला, निवासी जोरशेर, पोस्ट ऑफिस सालदांगा, बांग्लादेश के रूप में बताई गई है। उसके पास बांग्लादेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह करीब 8 महीने पहले भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई, उसके पास वैध पासपोर्ट-वीजा था या नहीं और बीकानेर पहुंचने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में रही।
मोबाइल और आर्थिक लेन-देन की भी जांच :
सुरक्षा एजेंसियां महिला के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और संभावित बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि पिछले आठ महीनों में महिला किन लोगों के संपर्क में थी, उसे आर्थिक मदद कहां से मिलती थी और बीकानेर में उसे रहने की जगह उपलब्ध कराने में किसकी भूमिका रही।
देह व्यापार से लेकर हनीट्रैप एंगल तक जांच :
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि कहीं महिला किसी संगठित नेटवर्क के संपर्क में तो नहीं थी। सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए हनीट्रैप अथवा किसी अन्य सुरक्षा संबंधी गतिविधि की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
विदेशी नागरिक के अवैध रूप से रहने का मामला :
पुलिस के अनुसार फिलहाल मामला एक विदेशी नागरिक के भारत में कथित रूप से अवैध तरीके से रहने और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े इनपुट का है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की जांच में जुटे हैं।