35 लाख में पेपर खरीदा, 20 व 16 लाख में बेचा, एसओजी ने दो इनामी लोगों को गिरफ्तार किया
RNE Network.
वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एसओजी ने 10 हजार के इनामी आरोपी सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। इस बहुचर्चित प्रकरण में अब तक 149 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है जांच एजेंसी नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है। एडीजी विशाल बंसल के अनुसार तत्कालीन एमएडी फाउंडेशन कोचिंग के संचालक दिनेश किलका ने अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा से पहले सौल्ड प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया था। किलका ने अभ्यर्थी अविनाश पलसानिया से 20 लाख रुपये व परमेश चौधरी से 16 लाख रुपयों में सौदा किया था। दोनों अभ्यर्थियों का चयन बाद में एसआई पद पर हो गया था।
अविनाश को वर्ष 2024 और परमेश को वर्ष 2025 में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में दिनेश ने खुलासा किया कि उसे प्रश्न पत्र राकेश कुमार से मिला था, जिसने इसके बदले 35 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की। एसओजी ने मंगलवार को सीकर के जाजोत निवासी राकेश कुमार गुर्जर को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि राकेश कुमार को पेपर लीक गिरोह के सदस्य अरुण शर्मा ने उपलब्ध कराया था। अरुण को एसओजी गिरफ्तार कर चुकी है।