Illegal Liquor in Rajasthan : राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई! 4 लाख 48 हजार लीटर से अधिक वॉश नष्ट, 1 हजार 376 केस, 766 गिरफ्तार
RNE Jaipur.
Rajasthan में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने हेतु जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए अक्टूबर माह में 4 लाख 48 हजार 640 लीटर वॉश नष्ट किया गया। इसी क्रम में विभिन्न निरोधात्मक कार्रवाई में 1 हजार 376 केस दर्ज करते हुए 766 को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के अनुसार प्रदेश में जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की है। प्रदेश में अक्टूबर माह में 4 लाख 48 हजार 640 लीटर वॉश नष्ट किया गया। इसी क्रम में भारत निर्मित विदेशी मदिरा की 15 हजार 772, देशी मदिरा की 5871, अवैध मदिरा की 8 हजार 849, बीयर की 5 हजार 299 बोतल सहित एक किलोग्राम भांग एवं 20 लीटर स्प्रिट सीज किया गया।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत ने बताया कि प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अक्टूबर माह में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्तता पर राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत 1376 केस दर्ज करते हुए 766 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अवैध मदिरा परिवहन में प्रयुक्त 20 दुपहिया वाहन, 8 हल्के चार पहिया वाहन, 5 भारी चार पहिया वाहन सहित 33 वाहनों को सीज किया गया है।