{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Khajuwala Blind Murder: पत्नी ने पति को मार आग लगा दी ताकि हत्या को हादसा समझे!

 

RNE NETWORK.

Bikaner Police ने घर में आग लगने से शख्स की मौत होने के कथित मामले में सनसनी खेज खुलासा किया है। लगभग छह माह पुराने मामले में सामने आया कि मौत आग लगने से नहीं हुई वरन शख्स की हत्या की गई थी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए मारने के बाद घर में आग लगा दी गई थी। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने वाली मृतक की पत्नी ही थी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

मामला यह है :

खाजूवाला थाना क्षेत्र के चक 13 एमकेडी ढाणी में राजकुमार नामक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2025 को मृतक के पिता ने अपने बेटे राजकुमार की संदिग्ध मौत को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

घटनास्थल निरीक्षण, एफएसएल जांच और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी वीरपाल कौर की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

पति पीटता था, मुंह दबाकर मार दिया :

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पति द्वारा रोज़ाना की मारपीट से परेशान थी। इसी कारण उसने सोते समय बिस्तर की चादर से पति का मुंह दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने कमरे में आग लगाकर इसे हादसा दिखाने का प्रयास किया और बाहर से कमरा बंद कर दिया। अगले दिन वापस लौटकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी महिला को बीएनएस 2023 की धारा 103(1), 238, 326 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस पूरे मामले के खुलासे में महिला अपराध अनुसंधान सेल और खाजूवाला पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।