{"vars":{"id": "127470:4976"}}

NEET Paper Leak : CBI ने लातूर के डॉक्टर और पुणे के फिजिक्स टीचर को गिरफ्तार किया, अब तक 13 गिरफ्तारी

 
RNE New Delhi.
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने महाराष्ट्र के लातूर निवासी डॉ. मनोज शिरुरे और पुणे के फिजिक्स शिक्षक तेजस हर्षद कुमार शाह को हिरासत में लिया है।
CBI के अनुसार, डॉ. मनोज शिरुरे ने मुख्य आरोपी पी.वी. कुलकर्णी के माध्यम से एक कोचिंग सेंटर संचालक, उसके बेटे और तीन छात्रों तक केमिस्ट्री के प्रश्न पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। जांच एजेंसी का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र की जानकारी साझा की गई।
मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी तेजस हर्षद कुमार शाह पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (APMA) में फिजिक्स शिक्षक है। आरोप है कि उसे NEET-UG 2026 परीक्षा के लीक हुए फिजिक्स प्रश्न पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से प्राप्त हुए थे।
CBI ने बताया कि पूरे साजिश तंत्र और नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच लगातार जारी है। एजेंसी अब तक देशभर में 49 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
इन दो नई गिरफ्तारियों के बाद NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मामले को लेकर एजेंसी अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है।