NEET Re Exam : अंडरगारमेंट्स में मोबाइल, पेपर के फोटो खींचे
RNE Jaipur.
NEET UG री-एग्जाम 2026 के दौरान जयपुर के बिंदायका स्थित एक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। एक छात्रा मोबाइल फोन अंडरगारमेंट्स में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गई और प्रश्नपत्र के फोटो भी खींच लिए। हालांकि परीक्षा केंद्र पर लगे जैमर के कारण वह फोटो बाहर नहीं भेज सकी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने छात्रा को गिरफ्तार कर लिया है और मोबाइल को एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है।
परीक्षा खत्म होने के 15 मिनट पहले पकड़ी गई :
जानकारी के अनुसार बिंदायका स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा समाप्त होने से करीब 15 मिनट पहले ड्यूटी स्टाफ को छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास मोबाइल फोन मिला। मोबाइल में प्रश्नपत्र के कई फोटो पाए जाने के बाद केंद्र पर हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
AI से ढूंढ रही थी जवाब:
प्रारंभिक पूछताछ में छात्रा ने दावा किया कि वह मोबाइल फोन AI की मदद से प्रश्नों के उत्तर खोजने के उद्देश्य से लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार छात्रा का यह NEET परीक्षा में तीसरा प्रयास था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि कहीं इस मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह या अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं हैं।
मेटल डिटेक्टर बजा तो बोली, अंडर गारमेंट में हुक:
जांच में सामने आया कि छात्रा ने मोबाइल को अंडरगारमेंट्स के हुक के पास छिपाकर रखा था। प्रवेश द्वार और परीक्षा हॉल में जांच के दौरान दो बार मेटल डिटेक्टर ने अलर्ट दिया, लेकिन छात्रा ने इसे अंडरगारमेंट्स के हुक का सिग्नल बताकर सुरक्षा कर्मियों को संतुष्ट कर दिया। पर्याप्त जांच नहीं होने से वह मोबाइल के साथ परीक्षा कक्ष तक पहुंच गई।
पुलिस का शक-कोई नेटवर्क तो नहीं:
घटना के बाद बिंदायका थाने में छात्रा, परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों और ड्यूटी स्टाफ से देर रात तक पूछताछ की गई। पुलिस अब मोबाइल की फोरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल का उपयोग केवल फोटो खींचने के लिए किया गया था या किसी अन्य गतिविधि के लिए।