PBM Hospital की कैंटीन-किचन में खाद्य विभाग की छापेमारी, बिना लाइसेंस किचन से सड़े फल तक मिले
पीबीएम अस्पताल परिसर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, खुले में कचौरी-समोसे और सड़े फल मिले
Rudra News Express Bikaner.
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि आयुक्तालय के निर्देश पर सरकारी और निजी अस्पतालों में संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय और रेस्टोरेंट की जांच का विशेष अभियान चल रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने राजकीय पीबीएम अस्पताल परिसर में निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान किचन और कैंटीन में खाद्य सुरक्षा नियमों से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि 24 से 30 सितंबर तक चल रहे अभियान के तहत पीबीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए संचालित किचन का निरीक्षण किया गया। जांच में किचन का फूड लाइसेंस नहीं मिला। स्टोर में करीब 240 किलो दाल, लगभग 60 किलो मूंगफली तेल तथा 50 किलो दलिया मिला, जिन पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। इन खाद्य सामग्री को मौके पर ही वापस वेंडर को भिजवाया गया। जांच के दौरान मसाले और अन्य खाद्य सामग्री पुराने और गंदे प्लास्टिक के डिब्बों में रखे मिले।
कैंटीन में खुले में रखे थे समोसे-कचौरी :
इसके बाद टीम ने पीबीएम परिसर में मर्दाना अस्पताल के सामने टेंडर पर संचालित रामावत स्टैण्डर्ड मार्ट कैंटीन का निरीक्षण किया। यहां भी खाद्य अनुज्ञा पत्र नहीं मिला। कैंटीन में अखबार पर खुले में रखकर कचौरी और समोसे ग्राहकों को परोसे जा रहे थे। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया।
कैंटीन में फूड हैंडलर्स का मेडिकल रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण तथा पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। वहीं ज्यूस कॉर्नर की जांच में करीब 25 किलो सड़े हुए पपीते, केले और अनार मिले। इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक, ब्रेड और भुजिया समेत अन्य सामग्री भी मौके पर नष्ट करवाई गई। कैंटीन में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
चार खाद्य नमूने लिए :
खाद्य विभाग ने दोनों फर्मों को एफएसएस एक्ट की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू की है। अभियान के दौरान कुल चार खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य विभाग ने कैंटीन संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, पेयजल की गुणवत्ता तथा कच्चे और पके खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानू प्रताप सिंह गहलोत, सुरेंद्र कुमार और राकेश गोदारा की टीम ने की।