{"vars":{"id": "127470:4976"}}

RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंककर ट्रेन से भाग रहे दो आरोपियों को कोडरमा स्टेशन से दबोचा, साजिश के खुलासे की तैयारी

 

 

RNE Ranchi. 

झारखंड की राजधानी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोडरमा रेलवे स्टेशन से उस समय पकड़ा गया, जब वे घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार हमले के बाद जांच एजेंसियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि हमलावर एक किराए के वाहन से RSS कार्यालय तक पहुंचे थे।

किराए की गाड़ी बनी सुराग : 

ATS ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन का पता लगाया। वाहन चालक से पूछताछ के दौरान आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को कोडरमा रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस और एटीएस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे मकसद क्या था, आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

गौरतलब है कि  झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की कोशिश का मामला सामने आया था। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई  प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने कार्यालय को निशाना बनाने का प्रयास किया, हालांकि बड़ा नुकसान होने से पहले ही स्थिति नियंत्रित कर ली गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।