{"vars":{"id": "127470:4976"}}

खान सर की कोचिंग में घुसकर तोड़फोड़ व मारपीट, गार्ड घायल; जांच में जुटी पुलिस

 

RNE Network.
 

राजधानी पटना में मंगलवार देर रात चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :


घटना की जानकारी मिलने पर खान सर कोचिंग संस्थान पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व संस्थान में घुस आए और दो दिनों के भीतर कोचिंग को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया तथा कार्यालय परिसर में व्यापक तोड़फोड़ की।


खान सर ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। उनके अनुसार, कम शुल्क में छात्रों को शिक्षा उपलब्ध कराने को लेकर कुछ लोगों को आपत्ति थी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं और घायल गार्ड ने भी कुछ आरोपितों की पहचान की है।


हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी का कोई प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई है तथा फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


पुलिस के अनुसार, 10 से 12 लोग पैदल संस्थान पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कर आरोपितों की पहचान की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।