New Airport : भारत में बनेंगे 400 से अधिक नए एयरपोर्ट, छोटे शहरों की बढ़ेगी कनेक्टिविटी
भारत में हवाई यात्रा की सुविधा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत देशभर में नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। यह एयरपोर्ट छोटे शहरों में भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि उन शहरों की देश के बड़े शहर व विदेशों से सीधी कनेक्टिविटी हो सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से 400 के करीब नए एयरपोर्ट बनाने का प्लान बनाया है।
इस योजना को वर्ष 2047 तक पूरा कर लिया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा से छोटे शहरों को भी जोड़ा जा सके। हालांकि पहले केवल अमीर लोगों तक ही हवाई यात्रा सीमित थी, लेकिन अब आम लोगों के लिए भी हवाई यात्रा जिंदगी का आम हिस्सा बनती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि साल 2047 तक भारत में 400 से ज्यादा एयरपोर्ट होंगे। इससे देश के छोटे शहरों और दूर-दराज के इलाकों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
विंग्स इंडिया 2026 एविएशन समिट को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत तेजी से अपना एविएशन नेटवर्क बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि साल 2014 में देश में सिर्फ 70 एयरपोर्ट थे, जबकि आज यह संख्या 160 से ज्यादा हो चुकी है।
भारत में 100 से ज्यादा एयरोड्राम एक्टिव
सरकार ने अब तक 100 से अधिक एयरोड्रोम को एक्टिव किया है। साथ ही, आम लोगों के लिए सस्ती हवाई यात्रा उपलब्ध कराने के लिए उड़ान (UDAN) योजना शुरू की गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अब उड़ान योजना के अगले चरण पर काम कर रही है। इसका मकसद टियर-2 और टियर-3 शहरों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी देना है, ताकि हवा यात्रा हर नागरिक के लिए सुलभ हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत खुद को ग्लोबल साउथ और बाकी दुनिया के बीच एक बड़े एविएशन हब के रूप में तैयार कर रहा है। साथ ही, भारत सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल बनाने वाला अग्रणी देश बनने की दिशा में भी काम कर रहा है।
आज के समय में फ्लाइट से सफर सबसे तेज और सुविधाजनक विकल्प बन चुका है। एयरपोर्ट किसी भी देश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और व्यापार से सीधे जुड़े होते हैं। बेहतर एयरपोर्ट नेटवर्क का मतलब है बेहतर कनेक्टिविटी और तेज विकास। इस वजह से दुनियाभर के देश अपने एयरपोर्ट नेटवर्क को लगातार मजबूत कर रहे हैं।