{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Barmer-Haridwar Special Train : बीकानेर, नागौर, जोधपुर, श्रीगंगानगर के यात्रियों को लाभ

 
गर्मी की छुट्टियों में हरिद्वार के लिए स्पेशल ट्रेन

RNE Bikaner - Jodhpur.

ग्रीष्मावकाश के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बाड़मेर-हरिद्वार-बाड़मेर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान के पश्चिमी जिलों सहित बीकानेर संभाग के यात्रियों को हरिद्वार जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

सोमवार, गुरुवार को हरिद्वार जाएगी :

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04811 बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन 11 मई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक कुल 20 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बाड़मेर से सुबह 4:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:10 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

मंगलवार, शुक्रवार को हरिद्वार से वापसी :

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04812 हरिद्वार-बाड़मेर स्पेशल ट्रेन 12 मई 2026 से 17 जुलाई 2026 तक कुल 20 ट्रिप चलाई जाएगी। यह ट्रेन हरिद्वार से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:35 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।

बीकानेर सहित इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव : 

यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में बायतू, बालोतरा, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, नागौर, नोखा, बीकानेर, लालगढ़, लूनकरणसर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा, धूरी, अंबाला कैंट और सहारनपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे बीकानेर, नागौर, जोधपुर और श्रीगंगानगर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

18 कोच के साथ चलेगी ट्रेन : 

रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 5 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।

गर्मी की छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के सीजन को देखते हुए इस ट्रेन के संचालन से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।