New Rail Line : केंद्र ने एमपी में 237 किमी लंबी नई रेल लाइन को दी मंजूरी, 6 जिलों से होकर निकलेगी
रेलवे विभाग की तरफ से मध्यप्रदेश को नई रेल लाइन की सौगात दी है। नई रेल लाइन 237 किलोमीटर लंबी होगी। यह रेल लाइन एमपी के छह जिलों से होकर निकलेगी। इस रेल लाइन के बिछने के बाद यात्रियों केा बड़ी राहत मिलने वाली है। इटारसी-भोपाल-बीना सेक्शन पर चौथी रेल लाइन बिछाने की परियोजना को केंद्र सरकार की तरफ से मंजूरी दी गई है।
रेलवे विभाग सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यह रेल परियोजना 237 किमी लंबी होगी। इस परियोजना पर 4,329 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे यात्री और मालगाडिय़ों के संचालन में सुधार होगा।
एमपी के इन जिलों से होकर निकलेगी नई रेल लाइन
केंद्र सरकार की तरफ से एमपी के लिए मंजूरी की गई रेल लाइन छह जिलों से होकर निकलेगी। यह छह जिलों के 40 गांवों की जमीन से होकर निकलेगी। इसका फायदा जहां इन गांवों को मिलेगा, वहीं पास के गांवों को भी निकट ही रेल सुविधा मिल जाएगी। रेलवे विभाग के अनुसार यह नई रेल लाइन मार्ग नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, भोपाल, विदिशा और सागर जिलों से होकर गुजरेगा। चौथी लाइन बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और ट्रेनें 220 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकेंगी।
इस परियोजना से हर साल 15.2 मिलियन टन अतिरिक्त माल ढुलाई क्षमता विकसित होगी, जिससे उद्योगों को सस्ता और तेज परिवहन मिलेगा तथा लॉजिस्टिक लागत घटेगी। सांची स्तूप और भीमबेटका जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। पीएम गति शक्ति योजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना का सर्वे पूरा हो चुका है और कुछ हिस्सों में काम शुरू है। पूरा होने पर मध्य प्रदेश में रेल व्यवस्था अधिक मजबूत और सुव्यवस्थित बनेगी।