Street Food Hub : चंडीगढ़ में बनेगा पहला सरकारी स्ट्रीट फूड हब, इंदौर के छप्पन दुकान जैसा
केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के तहत शहर में देश का पहला सरकारी 'स्ट्रीट फूड हब' विकसित किया जाएगा
फूड लवर्स के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के तहत शहर में देश का पहला सरकारी 'स्ट्रीट फूड हब' विकसित किया जाएगा। इसके लिए केंद्र ने देशभर में 50 शहर चुने हैं, जिनमें चंडीगढ़ भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस हब में कम से कम 50 वेंडिंग यूनिट्स होंगी।
मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार, सभी दुकानें बाहर से देखने में एक जैसी होंगी। इसे इंदौर की मशहूर 'छप्पन दुकान' की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जहां एक ही जगह पर देशभर के विभिन्न व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।
रॉक गार्डन रेस में सबसे आगे
नगर निगम की टीम ने प्रोजेक्ट के लिए रॉक गार्डन, सेक्टर-42 की न्यू लेक और सेक्टर-34 का दौरा किया है। रॉक गार्डनः इसे सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है क्योंकि यहां सुखना लेक और बर्ड पार्क होने के कारण टूरिस्ट फुटफॉल सबसे ज्यादा है।
सेक्टर-42: यहा जगह तो पर्याप्त है, लेकिन फुटफॉल कम होने के कारण इसकी संभावना थोड़ी कमजोर है।
वेंडर्स की भागीदारी : हब में कम से कम 50% जगह रजिस्टर्ड स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए आरक्षित होगी।
आधुनिक सुविधाएं
साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शेड,
पार्किंग और पब्लिक टॉयलेट्स जैसी वर्ल्ड क्लास सुविधाओं पर फोकस रहेगा।
नगर निगम को 15 मई तक प्रस्तावित लोकेशन की पूरी रिपोर्ट और डिटेल्स मंत्रालय को भेजनी है। निगम के ज्वाइंट कमिश्नर स्तर पर इसकी तैयारियां और बैठकें शुरू हो चुकी हैं। इस पहल से जहां स्ट्रीट वेंडर्स को एक व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिलेगा, वहीं चंडीगढ़ को एक नया टूरिस्ट अट्रैक्शन भी मिल जाएगा।