Pm Modi Birthday: पीएम मोदी के जन्मदिन पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं, जानें- किसने क्या कहा?
RNE Network.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शुभकामनाएं दीं।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर 'नए भारत' को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!
उन्होंने आगे लिखा कि राष्ट्र सर्वोपरि और लोक-कल्याण की भावना को जीवन-साधना में उतारने वाले आपके अप्रतिम पुरुषार्थ, संवेदनशील नेतृत्व और अखण्ड कर्मनिष्ठा ने 'नए भारत' को आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन प्रदान करें, जिससे राष्ट्र को आपका सशक्त नेतृत्व और हम सभी को आपका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शासन को जनसेवा का माध्यम बनाकर अंत्योदय के संकल्प और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार किया। उनकी 24 वर्षों की सतत सेवा ने भारत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।"
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को नई गति और नई दिशा प्रदान की है। ओड़िशा सहित पूरे राष्ट्र में विकास की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ आपके मार्गदर्शन में संभव हुई हैं । महाप्रभु श्रीजगन्नाथ से प्रार्थना है कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्रदान करें, जिससे आप राष्ट्रसेवा के इस महान कार्य को और भी आगे बढ़ा सकें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'एक्स' पर लिखा, युगांतकारी निर्णयों, अद्वितीय कार्यशैली और दूरदर्शी नेतृत्व से माँ भारती का गौरव बढ़ाने वाले, नए भारत के शिल्पकार, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके अथक परिश्रम, अटूट संकल्प और राष्ट्र–प्रथम की भावना ने भारत को अभूतपूर्व ऊँचाइयों पर पहुँचाया है।
आपके नेतृत्व में भारत सुधारों की नई गाथाएँ रचते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूर्ण करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। बाबा केदारनाथ और माँ गंगा से आपके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूँ। आपके नेतृत्व में भारत प्रगति पथ पर निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे, यही कामना है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले, जन-आकांक्षाओं के संवाहक, विकसित भारत के वास्तुकार, हम सभी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक और लोकप्रिय जननेता, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
राष्ट्र की उन्नति और उत्थान हेतु समर्पित आपका ओजस्वी व्यक्तित्व सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा का अमर स्रोत है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो और आपके नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी गरिमा को और भी उच्च शिखर तक पहुंचाए।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बधाई देते हुए एक्स पर लिखा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि विकसित भारत के स्वप्नदृष्टा, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपको जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका दूरदर्शी नेतृत्व भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।
उन्होंने आगे लिखा कि गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति सभी के सपनों को साकार कर आपने देश के प्रत्येक नागरिक के हृदय में आशा और विश्वास का संचार किया है। आपका जीवन तपस्या है, आपकी सोच भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प है और आपका कर्म राष्ट्र निर्माण का पथदर्शक है। हम सबके लिए आप निरंतर प्रेरणास्त्रोत बने रहें, यही मंगलकामना है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "समाज के सबसे कमजोर तबके से लेकर पूरे राष्ट्र की एकता, समृद्धि और गौरव के लिए समर्पित हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई।"