Convert dollars to rupees : रुपये की कीमत गिरी तो पंजाब में डॉलर बरसे, मार्च में अब तक 6110 करोड़ आए
डॉलर के मुकाबले रुपया गिरना पंजाब के लिए अचानक विदेशी मुद्रा का बंपर सीजन बन गया है। इस महीने रुपया 94 रु. प्रति डॉलर तक गिरा है। इससे इनवर्ड रेमिटेंस (विदेश से पैसा आना) बढ़ा है। मार्च में 20 तारीख तक पंजाब में 650 मिलियन डॉलर (6,110 करोड़ रु.) आए हैं। यह रकम फरवरी में 5296 करोड़ रुपये के मुकाबले 15.4% ज्यादा है। जालंधर, होशियारपुर के बैंकों में 15 प्रतिशत ज्यादा रुपए आए हैं।
दरअसल, पंजाब में अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच 3.1 बिलियन डॉलर (29,140 करोड़ रु.) आए थे, लेकिन अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच पंजाब में 4 बिलियन डॉलर (करीब 37,600 करोड़ रु.) आए। यह आंकड़ा 20 मार्च तक का है। मार्च के आखिरी 11 दिन के आंकड़े जुड़ने अभी बाकी हैं।
फिर भी पिछली छमाही के मुकाबले कुल 29 प्रतिशत तक की ग्रोथ हो चुकी है। गौर करने वाली बात है कि अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक बाहर से पैसा आने में हर महीने सिर्फ 2 से 3 प्रतिशत ग्रोथ थी। लेकिन, जैसे ही डॉलर 90 के पार गया, विदेश से पैसा और तेजी से आने लगा।
पंजाब में विदेश में रहने वालों की संख्या ज्यादा
आपको बता दे कि पंजाब व हरियाणा के भारी लाखों की संख्या में लोग विदेश में रहते है। इसमें अधिकतर लोग कनाडा, आस्ट्रेलिया, अमेरिका में रहते है। रुपये की कीमत गिरने के कारण विदेश में रहने वाले लोगों ने अपने परिवार के लिए डालर भेजे है, ताकि यह राशि रुपये में बदलकर ज्यादा हो सके।
जहां पर एक डालर के बदले में 94 रुपये परिवार के लोगों को मिल रहे है। ऐसे में विदेश में रहने वाले भारतीयों ने अपनी कमाई की राशि को परिवार के लोगों के पास भेजने की होड लगी हुई है।