Dhoni Becomes Highest Income Tax Payer : क्रिकेटर M.S.धोनी बिहार-झारखंड में सबसे ज्यादा इनकम टैक्स देने वाले शख्स
May 8, 2026, 19:51 IST
RNE Patna-Ranchi.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर बिहार-झारखंड क्षेत्र में सबसे बड़े इनकम टैक्स पेयर के रूप में सामने आए हैं। आयकर विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी धोनी ने सबसे अधिक टैक्स अदा किया है।
यह जानकारी प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डी. सुधाकर राव ने रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार-झारखंड प्रक्षेत्र से आयकर विभाग को कुल 20 हजार करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। इसमें झारखंड का योगदान 12 हजार करोड़ रुपए और बिहार का 8 हजार करोड़ रुपए रहा।
टैक्स चोरी पर भी बड़ी कार्रवाई :
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त ने बताया कि विभाग ने टैक्स चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 12 बड़े व्यापारिक समूहों पर छापेमारी की है। इसके अलावा 90 से अधिक मामलों में कार्रवाई भी की गई।
उन्होंने चिंता जताई कि करीब 5 करोड़ पैन कार्ड धारकों में से केवल 40 लाख लोग ही नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल कर रहे हैं। विभाग लोगों को अधिक संख्या में रिटर्न भरने के लिए जागरूक करने का प्रयास कर रहा है।
महेंद्र सिंह धोनी लंबे समय से खेल, विज्ञापन और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों के जरिए देश के सबसे अधिक कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। अब एक बार फिर सबसे बड़े टैक्सपेयर के रूप में उनका नाम चर्चा में है।